अब हेलमेट पहनने पर ही मिलेगा पेट्रोल

अगर आप बगैर हेलमेट के बाइक चला रहे हैं और आपकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है तो आपको पेट्रोल नहीं मिलेगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने इस संबंध में सभी पेट्रोल पंप विक्रेताओं को बकायदा पत्र जारी कर इस संबंध में विशेष तौर पर दिशानिर्देश जारी किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुरक्षित यात्रा के लिए प्रत्येक बाइक चालक को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। प्रशासनिक स्तर पर हेलमेट पहनने के लिए प्रचार प्रसार किये जाने के बाद भी हेलमेट पहनने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि नहीं हो सकी है। ऐसे में सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट की जरुरत को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन कार्यालय ने सभी पेट्रोल पंपों को इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किया है। डीटीओ ने इस संबंध में जारी निर्देश में कहा है कि पंप पर आने वाले वैसे मोटर साइकिल चालक जो बगैर हेलमेट के पंप पर पेट्रोल लेने आते हैं, उन्हें पेट्रोल की आपूर्ति नहीं की जाए। डीटीओ ने कहा है कि अगर इस निर्देश की अवहेलना करते किसी भी पंप संचालक को पकड़ा गया तो उसके पंप का नवीकरण रोक दिया जाएगा। इस निर्देश के बाद बाइक चालकों का हेलमेट पहनना अनिवार्य हो जाएगा।

अवैध पार्किंग पर भी होगी कार्रवाई

पेट्रोल पंप पर अवैध तरीके से ट्रक व अन्य वाहनों की पार्किंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने अपने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया है कि पंप की जांच के दौरान अगर किसी भी परिस्थिति में अवैध तरीके से वाहन खड़े मिले तो पंप के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Ads:






Ads Enquiry