जिलाधिकारी राहुल कुमार ने बुधवार को जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में स्थित जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय की दशा में सुधार करने तथा समिति की बैठक अविलंब बुलाने का निर्देश डीइओ को दिया।
जिला पुस्तकालय में पहुंचने के बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की व्यवस्था का विधिवत जायजा लिया। अलावा इसके कई अन्य बिन्दुओं पर उन्हें गड़बड़ी दिखी। ऐसे में उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार को अविलंब पुस्तकालय समिति की बैठक बुलाने तथा स्थिति में सुधार करने का निर्देश जारी किया। साथ ही पुस्तकालय की अन्य व्यवस्था में सुधार के संबंध में निर्देश जारी किया। ज्ञातव्य है कि जिला पुस्तकालय के हमेशा बंद रहने की शिकायतें मिलती रहती हैं। जिसके कारण पुस्तक प्रेमियों को जरुरत के अनुसार पुस्तकें नहीं मिल पाती हैं। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।