कटेया थाना क्षेत्र के बातल चोरहां गांव में शव दफनाने के विवाद को लेकर पुलिस बल पर हमला किये जाने की घटना में संलिप्त एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार को शव दफनाने को लेकर बातल चोरहां गांव में विवाद शुरु हो गया था। विवाद के निपटारे के लिए पहुंची कटेया थाने की पुलिस पर उग्र लोगों ने हमला कर दिया था। इस हमले में कटेया थानाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। कांड अंकित करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड में नामजद बातल चोरहां गांव के अफरोज अंसारी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। ज्ञातव्य है कि पुलिस ने इस कांड में इसी गांव की बेबी खातून को भी गिरफ्तार किया था। जो सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में चौकीदारों को चकमा देकर फरार हो गयी थी। पुलिस अभिरक्षा से बेबी खातून की फरारी के मामले में महिला चौकीदार आरती देवी के बयान पर अलग से प्राथमिकी दर्ज की गयी है।