कानून व्यवस्था को और प्रभावित तरीके से लागू करने को लेकर सोमवार को उचकागांव थाना में मीरगंज इंस्पेक्टर रामसेवक यादव ने अनुमंडल क्षेत्र के उचकागांव, फुलवरिया, श्रीपुर ओपी थाने के थानाध्यक्ष तथा पुलिस पदाधिकारी को प्रशिक्षित किया। मुजफ्फरपुर आइजी के निर्देश के आलोक में उचकागांव थाना परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं पर भी विस्तार से चर्चा की गयी। इस दौरा अनुसंधान की बारीकियों को भी बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान जख्म प्रतिवेदन लेने देने, मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने, अंतिम प्रपत्र, फर्द बयान लेने, प्राथमिकी दर्ज करने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य बिंदुओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में थानाध्यक्ष नवीन कुमार, श्रीपुर ओपी प्रभारी नौशाद आलम, संजय राम, रामाशीष प्रसाद सिंह, अब्दूल मनान सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।