अपहृत युवती के साथ दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

शहर के इंटर कालेज में परीक्षा फार्म भरने के लिए निकली छात्रा का अपहरण करने के बाद उसे अलीगढ़ ले जाया गया। अलीगढ़ ले जाने के बाद अपहरण की घटना में शामिल चार आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब एक माह तक बंधक रहने के बाद अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त हुई युवती को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया।

सूत्रों ने बताया कि घर से इंटर का परीक्षा फार्म भरने के लिए निकली जादोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक लड़की का गत चार जनवरी को अपहरण कर लिया गया था। जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन की। खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर छात्रा के अपहरण के आरोप में उसके पिता ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। कांड की जांच के दौरान पुलिस ने अपहृत लड़की को यूपी के अलीगढ़ से बरामद किया। युवती की बरामदगी के बाद पुलिस ने कांड में संलिप्त दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य की तलाश में पुलिस छापामारी में लग गयी है। बरामद किये जाने के बाद पुलिस ने उसे बयान के लिए शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। नगर थाने की पुलिस ने बताया कि अपहृत लड़की को अलीगढ़ में करीब एक माह तक बंधक बनाकर रखा गया था। जहां उसके साथ अपहरणकर्ताओं ने दुष्कर्म किया। कांड में गिरफ्तार किये गये नगर थाना के सरेया वार्ड नंबर एक के रिकी उर्फ साहिल सिद्दीकी तथा मांझा थाना क्षेत्र के छोटका धामापाकड़ गांव के अफजल मियां को शुक्रवार की शाम जेल भेज दिया गया।

Ads:






Ads Enquiry