कड़ी चौकसी के बीच आज से होगी परीक्षा

24 फरवरी से शुरू हो रही इंटर की परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी है। परीक्षा को लेकर जिला मुख्यालय के अलावा मीरगंज व हथुआ में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान कड़ी चौकसी के लिए दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों के अलावा बिहार पुलिस बल व गृहरक्षकों की तैनाती की गयी है। परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी चौकसी के लिए उड़नदस्ता टीम भी तैनात रहेगी। परीक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी राहुल कुमार तथा एसपी निताशा गुड़िया ने संयुक्त रूप से आदेश जारी कर कई बिन्दुओं पर दिशानिर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने परीक्षा पूर्ण रूप से कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को इस संबंध में परीक्षा पूर्व ही तैयारियां पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया है। अलावा इसके परीक्षा के दौरान कदाचार होने की स्थिति में केन्द्राधीक्षकों के साथ ही वीक्षक पर भी कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया है। 16 केन्द्रों पर आयोजित हो रही इस परीक्षा में 27,089 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।

तैनात रहेंगी महिला पदाधिकारी भी

इंटर की परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने के लिए प्रत्येक केन्द्र पर महिला पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने 16 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण करने के बाद प्रत्येक केन्द्र पर एक महिला पदाधिकारियों को मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

उड़नदस्ता टीम में चार पदाधिकारी

इंटर की परीक्षा को लेकर जिला स्तर पर उड़नदस्ता टीम का भी गठन किया गया है। इस टीम में चार वरीय पदाधिकारी को तैनात किया गया है। उड़नदस्ता टीम प्रत्येक परीक्षा केन्द्र का औचक निरीक्षण करेगी। अलावा इसके जिलाधिकारी व एसपी भी अपने स्तर पर केन्द्रों की समय-समय पर जांच करेंगे।

हथुआ में बनाये गए आठ केन्द्र

इंटर की परीक्षा को लेकर जिला मुख्यालय तथा हथुआ अनुमंडल में आठ-आठ परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इस बार की परीक्षा में भी छात्रों के मुकाबले छात्राओं की संख्या अधिक होगी। जबकि परीक्षार्थियों की संख्या हथुआ अनुमंडल में अधिक होगी।

नियंत्रण कक्ष स्थापित

बुधवार से प्रारंभ हो रही इंटर की इस परीक्षा के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष में तीन पदाधिकारियों के साथ ही कई कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

परीक्षा केंद्रों के समीप निषेधाज्ञा लागू

इंटर परीक्षा को लेकर परीक्षा केन्द्र से पांच सौ गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है। दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों ने इस संबंध में दिशानिर्देश जारी कर दिया है। परीक्षा अवधि में केन्द्र के अंदर या आसपास के इलाके में परीक्षा ड्यूटी में तैनात किये गये कर्मियों व अधिकारियों के अलावा अन्य व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सीसी कैमरे से भी होगी निगरानी

इंटर परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों की निगरानी के लिए सीसी कैमरे लगाये गये हैं। इन कैमरों से प्रत्येक केन्द्र पर परीक्षार्थियों के साथ ही वीक्षक की गतिविधि पर भी नजर रखी जाएगी। ताकि परीक्षा कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराया जा सके।

साइंस के परीक्षार्थी सबसे अधिक

इंटर की परीक्षा में इस साल साइंस के सबसे अधिक परीक्षार्थी हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो इस साल साइंस विषय के 13,876 परीक्षार्थियों के मुकाबले कला के 12,558 तथा कामर्स के मात्र 664 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

कहां कितने परीक्षार्थी

परीक्षा केन्द्र परीक्षार्थी

कमला राय कालेज 1423

महेन्द्र महिला 1456

अंबेडकर भवन 839

डीएवी हाई स्कूल 2620 वीएम इंटर कालेज 2421

एसएस ग‌र्ल्स स्कूल 2260

एसआरडी कालेज 968

एमएम उर्दू स्कूल 2159

राजेन्द्र हाई स्कूल 1658

गोपेश्वर कालेज 3272

साहू जैन मीरगंज 3469

अम्बेडकर आवासीय 2368

इम्पीरियल स्कूल 1680

आदर्श कन्या हथुआ 1686

मीडिल कपरपुरा 1678

शिवप्रताप हाई स्कूल 1537

कुल 27,089

Ads:






Ads Enquiry