देशरत्न डा. राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि के मौके पर नगर के डाकघर चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मौजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनके कार्यो को याद किया।
इसके पूर्व रविवार को आयोजित होने वाले पुण्यतिथि कार्यक्रम को लेकर चौराहे पर स्थित देश के प्रथम राष्ट्रपति की प्रतिमा स्थल की सफाई आदि की गयी थी। पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार की सुबह डाकघर चौक पर पहुंचे एडीएम विभागीय जांच हेमंत नाथ देव, उप विकास आयुक्त दयानंद मिश्र, एसडीओ मृत्युजंय कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता डीपी शाही व डीपीआरओ आलोक कुमार सहित कई पदाधिकारियों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कार्यालय के अलावा अन्य कई स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर राजेन्द्र बाबू के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही लोगों ने राजेन्द्र बाबू के बताए रास्ते पर चलने की शपथ ली।