युवती ने रचाई शादी, अपहरण निकला प्रेम प्रसंग

उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना गांव से अपहृत की गयी युवती को पुलिस ने आरोपी युवक के घर से बरामद कर लिया। युवती के बरामदगी के बाद अपहरण का यह मामला प्रेम प्रसंग का निकला। युवती अपना घर छोड़ कर अपने प्रेमी के साथ शादी रचा कर उसके साथ रह रही थी। युवती को बरामद करने के बाद बुधवार को पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां युवक और युवती के पक्ष के लोगों की भीड़ लगी रही।

बताया जाता है कि अरना गांव निवासी एक युवती एक सप्ताह पूर्व अपने घर से अचानक गायब हो गयी। इस घटना को लेकर युवती के परिजनों ने थाना में अपने ही गांव के निवासी चंदन कुमार के खिलाफ युवती का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस युवती की तलाश में जुट गयी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली की युवती आरोपी युवक के उसे घर में रह रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापामारी कर युवती को बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था। वह खुद चंदन कुमार के साथ घर छोड़ कर चली गयी थी और उससे शादी करने के बाद उसके साथ रह रही थी। उसने बताया कि चंदन कुमार से उसका छह साल से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती को बरामद करने के बाद पुलिस ने बुधवार को मेडिकल जांच के लिए उसे सदर अस्पताल भेज दिया। जहां युवक और युवती के पक्ष के लोगों की भीड़ लगी रही।

Ads:






Ads Enquiry