लोगों के घरों में हाथ साफ करने वाले चोरों की नजर स्कूलों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी पड़ गयी है। आये दिन चोर किसी न किसी विद्यालय का ताला तोड़ कर एमडीएम का सामान चुरा रहे हैं। गुरुवार की रात भी थाना क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बहोरा हाता का ताला तोड़ कर चोर एमडीएम का चावल और रसोई गैस का चूल्हा के साथ सिलेंडर चुरा ले गए। शुक्रवार को विद्यालय पहुंचने पर इस चोरी की जानकारी होने पर प्राचार्य ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। प्राचार्य ने बताया कि बीते 25 जनवरी को भी चोरों ने इस विद्यालय में चोरी की थी। जिसको लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इसी बीच गुरुवार की रात भी चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़ कर एमडीएम का सामान चुरा लिया। बताया जाता है कि गुरुवार की रात ही इस विद्यालय के पास स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का भी ताला तोड़ कर चोरों ने गैस सिलेंडर चुरा लिया। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया है कि चोरी की मौखिक मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।