पंचायत चुनाव के तैयारियों के बीच प्रत्येक प्रखंड के मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश जारी किया गया है। प्रस्तावित मतदान केन्द्रों को स्वीकृति के लिए राज्य चुनाव आयोग के समक्ष 18 फरवरी को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्तावित बूथों के संबंध में अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद इसका प्रकाशन इसी माह के अंत तक किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति, जिला परिषद, प्रखंड प्रमुख, ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम कचहरी के सदस्य के पद के आरक्षण सूची का प्रकाशन किये जाने के बाद आधिकारिक स्तर पर मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप दिया गया। प्रशासनिक स्तर पर अगले चरण में मतदान केन्द्रों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान केन्द्रों की सूची को अंतिम रूप दिये जाने के लिए जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार ने सभी बीडीओ को मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है। ताकि मतदान केन्द्रों को अंतिम रूप दिये जाने के समय किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हो सके। मतदान केन्द्रों के निर्धारण को लेकर आवश्यक जरुरत को ध्यान में रखकर ही प्रस्तावित मतदान केन्द्रों की सूची बनाने को कहा गया है।
3177 वार्ड के लिए इतने ही बूथ तय
सूत्रों की मानें तो जिले के 3177 वार्ड में पंचायत चुनाव होना है। ऐसे में 3177 वार्ड के लिए इतनी ही संख्या में बूथ का बनाया जाना तय है। अलावा इसके वैसे वार्ड जहां मतदाताओं की संख्या 700 या इससे अधिक है, वहां सहायक मतदान केन्द्र बनाए जाने हैं। जिला पंचायत कार्यालय के सूत्रों की मानें तो इनके अलावा करीब दो सौ या इससे कुछ अधिक सहायक मतदान केन्द्रों को भी बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
संवदेनशील बूथों की होगी पहचान
बूथ लिस्ट तैयार किये जाने के समय ही बीडीओ को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की भी पहचान कर लेने के संबंध में निर्देश जारी किये गये हैं। अलावा इसके बूथों की मैपिंग सहित अन्य कार्य भी बूथ लिस्ट तैयार किये जाने के समय ही किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को निर्देश जारी किया है।