जिले के थावे तथा कुचायकोट थाना क्षेत्र में अलग अलग कारणों को लेकर दो युवकों ने जहर खा लिया। जहर खाने के बाद बेहोशी की हालत में परिजनों ने दोनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के गोपलामठ गांव निवासी सिंटू कुमार अपने मित्रों के साथ अपने घर के दरवाजे के पास सरस्वती पूजा को लेकर पंडाल लगाने की तैयारी कर रहा था। जिसे देखकर परिवार के सदस्यों ने घर के दरवाजे के पास पूजा पंडाल लगाने से मना कर दिया। बताया जाता है कि पूजा पंडाल लगाने से मना करने से नाराज सिंटू कुमार ने शुक्रवार की सुबह जहर खा लिया। जिसे बेहोशी की हालत में परिजनों ने इलाज के लिए स्थानीय अस्पातल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूसरी तरफ कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलुअन टोला गांव निवासी संजय कुमार ने घरेलू कलह से तंग होकर शुक्रवार की सुबह जहर खा लिया। बेहोशी की हालत में परिजन इसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।