महम्मदपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कबीरपुर में मारपीट में बाद हुए बवाल से अब भी तनाव बरकरार है। इसी बीच इस स्कूल के हेडमास्टर बलिंद्र पंडित तथा सहायक शिक्षक अष्टभुजा सिंह का इस स्कूल से तबादला करने की मांग भी उठने लगी है। गुरुवार को आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य शैलेश सिंह की अध्यक्षता में हुई ग्रामीणों की बैठक में हेडमास्टर तथा सहायक शिक्षक का दूसरे स्कूल में स्थानान्तरण करने की जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता शैलेश सिंह ने कहा कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय कबीरपुर में काफी अनियमितता बरती जा रही है। यहां कई दिनों से एमडीएम नहीं बनाया जा रहा था। जिसको लेकर बीते मंगलवार को कुछ अभिभावक स्कूल गेट पर इस संबंध में हेडमास्टर से शिकायत कर रहे थे। तभी उधर से गुजर रहे उनके पुत्र रास्ता जाम होने के कारण रुक गए और रास्ते पर से हटने के लिए कहने लगे। जिससे नाराज होकर हेडमास्टर तथा सहायक शिक्षक ने उनके पुत्र को स्कूल में लेकर एक कमरे में बंद कर दिया। इस बात की सूचना मिलने पर उनके समर्थक स्कूल पहुंचे थे। जिस पर हेडमास्टर ने उनके तथा उनके समर्थकों के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज करा दिया। उन्होंने कहा कि हेडमास्टर तथा सहायक शिक्षक दोनों स्थानीय गांव के ही निवासी है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से दोनों का तबादला दूसरे स्कूल में करने की मांग किया। ताकि इस स्कूल में बरती जा रही अनियमितता पर रोक लग सके। बतातें चलें कि बीते मंगलवार को सहायक शिक्षक अष्टभुजा सिंह ने अपने साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता शैलेश सिंह समेत उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इस घटना को लेकर दूसरे पक्ष ने भी प्राथमिकी दर्ज करायी थी।