रविवार को आयोजित क्रास कंट्री (दस किमी ) दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन पंचदेवरी के टीडी सेंट्रल के प्रांगण में किया गया। इस प्रतियोगिता में बासुदेव विजेता बने।
दौड़ की शुरुआत मुख्य अतिथि तथा विधान पार्षद आदित्य नारायण पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतिभागियों की सुरक्षा हेतु कटेया थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण महतो अपने दल-बल के साथ मौजूद थे। कुशीनगर जिला के जंगल फतुलहां गांव निवासी बासुदेव निशाद मात्र 31.40 मिनट में दस किलोमीटर की दौड़ पूर्ण कर इस क्रास कंट्री प्रतियोगिता के प्रथम विजेता बने। वहीं कुशीनगर जिला के ही दरुअनवां गांव के राजकिशोर रावत ने 31.50 मिनट में दौड़ पुरी कर द्वितीय विजेता का खिताब हासिल किया तथा तृतीय विजेता बलिया जिला के गरमाइन गांव निवासी सुग्रीव गुप्ता रहे। इसके अतिरिक्त 21 विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। बताया जाता है कि प्रथम विजेता को पंद्रह हजार, द्वितीय विजेता को दस हजार नगद शिल्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय विजेता को पांच हजार एवं 21 विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में पंचदेवरी प्रखंड क्षेत्र के चाफी गांव निवासी विजय कुमार सिंह के दस वर्षीय पुत्र चंदन कुमार ने दस किलो मीटर दौड़ पूर्ण किया। इसके पूर्व दस किलोमीटर का दौड़ पंचदेवरी उच्च विद्यालय से आरंभ होकर सिधरिया, मंझरिया होते हुए जमुनहां जाकर पुन उच्च विद्यालय के प्रांगण तक संपन्न हुआ। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव धर्मनाथ तिवारी, अशोक उर्फ बब्लू गिरी, विवेका नंद मिश्र, संतोष सिंह, रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी, विरेंद्र राय, प्रमोद पाण्डेय, जगदंबा राम, राजीव मद्देशिया, विरेंद्र मदेशिया, अशोक कुमार, संतोष पटेल, उपेंद्र मिश्र तथा डा. दुर्गा चरण पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।