पांच लाख बच्चों को दी गई कृमिनाशक दवा

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बुधवार को जिले के करीब पांच लाख बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाई गयी। जिलाधिकारी राहुल कुमार ने शहर के बुनियादी विद्यालय में एक बच्चे को दवा खिलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अभियान को एक साथ सभी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर चलाया गया।

इसके पूर्व बुधवार की सुबह जिलाधिकारी नगर के जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में स्थित बुनियादी विद्यालय में पहुंचे तथा एक बच्चे को एल्बेंडाजोल नामक दवा की एक गोली खिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. एमपी शर्मा के अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रजनीश कुमार राय सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद जिले के सभी चौदह प्रखंडों में सुबह से ही बच्चों को दवा खिलाने का अभियान प्रारंभ किया गया। जिला शिक्षा कार्यालय के सूत्रों ने पूरे जिले में इस अभियान के तहत करीब पांच लाख बच्चों को दवा खिलाई गयी। इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों से लेकर हाई स्कूलों तक में एक साल से 19 साल तक के सभी छात्र-छात्राओं को कृमि नाशक दवा खिलाई गयी। अभियान को देखते हुए सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर एल्बेंडाजोल नामक यह दवा पूर्व से ही उपलब्ध करा दिया गया था। ताकि दवा खिलाने के समय कोई भी समस्या उत्पन्न नहीं हो सके। इस अभियान की निगरानी के लिए पूर्व से ही सभी बीइओ व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिशानिर्देश जारी किये गये थे। अलावा इसके बीमार बच्चों को यह दवा नहीं खिलाने के निर्देश दिया गया था।

दो साल तक के बच्चे को दी गयी आधी गोली

बुधवार को चलाए गये इस अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले दो साल तक के बच्चों को मात्र आधी गोली दवा ही दी गयी। अलावा इसके दो साल से 19 साल तक के बच्चे को एक पूरी गोली दी गयी। बुधवार को चलाए गये इस अभियान में स्कूल नहीं आने वाले बच्चों को भी शामिल किया गया था। ताकि प्रत्येक बच्चे को कृमि नाशक दवा की खुराक दी जा सके।

कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन ने बताया कि बुधवार को पूरे जिले में यह अभियान चलाया गया। अगर किसी कारण से अभियान में कोई बच्चा या छात्र दवा खाने से वंचित रह गया तो उसे दोबारा 15 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी।

डा. एमपी शर्मा

सिविल सर्जन

Ads:






Ads Enquiry