एनएच- 28 पर थाना क्षेत्र के भोपतापुर गांव के समीप मंगलवार को दो ट्रकों के बीच आमने सामने की भिड़ंत हो गयी। जिसमें तीन लोग घायल हो गये। तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जिनमें दो की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस हादसे के बाद एनएच कई घंटे तक जाम में फंस गया। जाम के कारण एनएच पर वाहनों की कतारें लग गयी।
बताया जाता है कि राज नगर से चावल लेकर एक ट्रक दिल्ली जा रहा था। ट्रक भोपतापुर गांव के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से इस ट्रक की टक्कर हो गयी। इस हादसे में मोतिहारी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नौतन गांव निवासी विकास कुमार, उनके भाई धनंजय कुमार तथा उत्तर प्रदेश रमेश यादव घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पातल ले जाया गया। लेकिन विकास कुमार तथा धनंजय कुमार की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद एनएच पर कई घंटे तक जाम लगा गया। जिससे एनएच पर वाहनों की कतारें लग गयी। बाद में क्रेन बुलाकर दोनों ट्रकों को हटवा कर सड़क के किनारे किया गया। इसके बाद यातायात चालू हो सका।