ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाला थावे महोत्सव 15 व 16 अप्रैल को होगा। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर 13 कमेटी का गठन किया गया है। इस बार के थावे महोत्सव में गरबा, बिहू, गटका, छउ व
टेढि़या नृत्य देखने को मिलेगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि थावे महोत्सव को लेकर जिलाधिकारी ने कुल 13 कमेटी का गठन किया है। इन कमेटी में प्रबंधन समिति, आवासन समिति, सांस्कृतिक समिति, परिवहन समिति, खानपान समिति, जनसंपर्क समिति, स्टेज व साउंड समिति, स्मारिका समिति, स्वच्छता समिति, लेखा प्रबंधन समिति, खेलकूद समिति, स्वास्थ्य समिति तथा विधि व्यवस्था समिति शामिल है। दो दिनों तक चलने वाले थावे महोत्सव कार्यक्रम में मुंबई की नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा के अलावा अहमदाबाद से मेघ धनुष रॉक बैंड अपना कार्यक्रम पेश करेंगे। अलावा इसके एडवेंचर स्पोर्टस का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आगाज गया से आने वाली महा आरती टीम के गायन से होगा। जबकि इस कार्यक्रम में भागलपुर के गायक हिमांशु मोहन मिश्र भी अपनी प्रस्तुति देंगे।