प्रखंड के डुमरिया स्थित सर्किट हाउस के परिसर में रविवार को अभिनंदन सह किसान सभा में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए सूबे की सरकार पर जमकर निशान साधा। सभा में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के मुखौटा हैं, सत्ता की चाबी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के पास है। लालू प्रसाद ने अपने 15 साल के
शासन काल में किसानों, गरीबों तथा बिहार के विकास के लिए कुछ नहीं किया। इन्हें सिर्फ अपने बेटा बेटी के विकास की चिंता है। उन्होने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि इंजीनियर, दरोगा तथा सरपंच की हत्या हो रही है। पूरे बिहार में हत्या, अपहरण बढ़ गया है और मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि बिहार में कानून का राज है। गन्ना किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गन्ना की कीमत का एलान कर दिया है। लेकिन बिहार की सरकार ने उसे अभी तक लागू नहीं किया। सड़क की बदहाली से गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राली पलट रहे हैं। किसान मर रहे हैं। लेकिन सरकार हाथ पर हाथ रख कर बैठी हुई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव के समय नीतीश कुमार ने गरीबों को तीन डिसमील जमीन देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या जमीन मिली। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पंद्रह दिन के अंदर किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रुपरेखा तय करें। किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी। सभा को संबोधित करते हुए विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई नहीं, अस्पतालों में दवाई नहीं, हर हाथ को काम नहीं तो फिर किस बात की सरकार है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को गरीबों, किसानों तथा दियारा क्षेत्र के विस्थापितों की समस्याओं से अवगत कराया। इससे पूर्व सभा स्थल पर पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष का भाजपा कार्यकर्ताओं तथा किसानों ने भव्य स्वागत किया। सभा की अध्यक्षता सिधवलिया प्रखंड के भाजपा मंडल अध्यक्ष तेजश्वर मिश्रा तथा संचालन जितेंद्र प्रसाद ने किया। सभा में बैकुंठपुर प्रखंड के भाजपा मंडल अध्यक्ष भृगुनाथ सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह, गणेश राय, शशिभूषण सिंह, अनरमा प्रसाद, रामकुमार मंडल सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता तथा किसान मौजूद रहे।