अतिक्रमण के खिलाफ उठने लगी आवाज

संवेदनशील नागरिक मंच ने शहरी इलाके में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठायी है। इस समस्या को लेकर रविवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी से मिल कर उन्हें अतिक्रमण से हो रही समस्याओं से अवगत कराने का निर्णय लिया गया। मंच के अध्यक्ष डा. बैद्यनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने, नगर परिषद द्वारा जन उपयोग के स्थलों व सड़क किनारों का व्यापारीकरण करने के प्रस्ताव तथा बिजली विभाग द्वारा अधिक राशि का विपत्र उपभोक्ताओं को भेजे जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में इस बात पर क्षोभ प्रकट किया कि सदर अस्पताल के आसपास की झोपड़ी व गुमटियों को हटाकर उनके स्थान पर पक्का निर्माण कराकर उन्हें व्यापार करने के लिए बेंचने का प्रस्ताव नगर परिषद ने तैयार किया है। सदस्यों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर अमल होने के बाद भी अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी रहेगी। बैठक में शहर में घुमने वाले सुअर और कुत्तों पर लगाम नहीं लगाने पर भी चिंता प्रकट की गयी। नगर परिषद द्वारा मनमाने ढंग से होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का भी विरोध किया गया। बैठक में मंच के सचिव देवेन्द्र तिवारी तथा एनके वर्मा सहित तमाम सदस्य मौजूद थे।

Ads:






Ads Enquiry