पटना में सम्मानित होंगे जिले के दोनों एसडीओ

गत विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूची में गुणात्मक सुधार तथा चुनाव में बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए गोपालगंज तथा हथुआ विधानसभा के निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में तैनात सदर एसडीओ व हथुआ के एसडीओ पटना में सम्मानित किये जाएंगे। सूबे के 234 निर्वाचन पदाधिकारियों में से इन्हें राज्य निर्वाचन आयोग ने चयनित किया है। अलावा इसके जिले के दो बीएलओ को भी पटना में ही सम्मानित किया जाएगा।

अवर निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि निर्वाचक सूची में गुणात्मक सुधार तथा गत विधानसभा चुनाव के दौरान किये गये कार्य के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने सूबे के कुल तीन निर्वाचन पदाधिकारियों को चयनित किया है। इस सूची में प्रथम स्थान पर 101 गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर एसडीओ मृत्युंजय कुमार हैं। इसके अलावा सूची में दूसरे स्थान पर 104 हथुआ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ प्रमोद कुमार राम भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस सूची में 117 मढौरा विस क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार राय भी शामिल हैं। इन तीनों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पटना के सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में 25 जनवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्य सचिव सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया कि बेहतर कार्य के आधार पर पूरे प्रदेश के कुल 10 बीएलओ को भी इस कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। इस दस बीएलओ में जिले के दो बीएलओ भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बरौली विस क्षेत्र के बूथ संख्या 41 उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोईनी दायां भाग के बीएलओ सुमन्त कुमार राय तथा गोपालगंज विस क्षेत्र के बूथ संख्या 276 मध्य विद्यालय धतिवना बायां भाग के बीएलओ अभय कुमार श्रीवास्तव को भी इसी समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

Ads:






Ads Enquiry