नववर्ष की उमंग में खूब मना जश्न

शुक्रवार को खिल कर निकली धूप के बीच नववर्ष के उमंग में लोगों ने खूब जश्न मनाया। नव वर्ष 2016 के आगमन पर लोगों में गजब का उत्साह रहा। पौ फटते ही लोग नववर्ष की उमंग में डूबने लगे। थावे मंदिर में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने मां का दर्शन कर नये साल में सुख, शांति, समृद्धि की मन्नतें मांगी। वहीं मंदिर परिसर से सटे थावे जंगल में पिकनिक मनाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

थावे में पहुंचकर पिकनिक मना रहे लोगों में गजब का उत्साह था। एक तरफ महिलाएं और बुजुर्ग पकवान बनाने में जुटे थे तो दूसरी तरफ युवा फिल्मी गीतों पर थिरक रहे थे। जगह-जगह डीजे पर बज रहे डिस्को और भोजपुरी गीतों पर थिरकते लोगों के बीच पूरा जंगल परिसर मस्ती के आलम में डूब गया। दोपहर होते-होते जंगल में हजारों लोग पिकनिक मनाने के लिए पहुंच गये थे। जिला वासियों के साथ ही पड़ोसी जिला सिवान और उत्तर प्रदेश के पड़रौना जिले से भी भारी संख्या में लोग मां का दर्शन करने पहुंचे। मंदिर परिसर में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं जंगल भी नये साल के आगमन के उत्साह में गुलजार रहा। वैसे नये साल के स्वागत की तैयारी लोगों ने गुरुवार की शाम से ही शुरु कर दिया था। अवलिदा होते 2015 को विदाई देने के लिए अपने-अपने मिजाज के अनुसार पकवान बना कर देर रात लोग लुत्फ उठाते रहे। जैसे ही घड़ी की सूई 12 तक पहुंची, नव वर्ष के स्वागत में पटाखे गुंजने लगे। और इसी के साथ अपने-अपने संसाधनों से नये साल की शुभकामना देने का सिलसिला भी शुरु हो गया।

गंदगी से हुई लोगों को परेशानी

नव वर्ष के आगमन पर लोग ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर के समीप स्थित जंगल में पहुंचे तो गंदगी ने उनका स्वागत किया। इस साल मंदिर के आसपास के इलाकों की सफाई नहीं होने से यहां आने वाले हजारों लोगों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ा। मंदिर के समीप स्थित दोनों तालाबों की गंदगी को देख लोग मंदिर प्रशासन तथा प्रबंध कार्यकारिणी को कोसते नजर आये। लोगों का कहना था कि प्रति वर्ष लाखों की आय देने वाले इस मंदिर परिसर में सफाई नहीं होना प्रबंध समिति की विफलता का परिचायक है।

Ads:






Ads Enquiry