शनिवार की रात इस साल ठंड के मौसम में काफी सर्द रात रही। रात का तापमान पहली बार गिरकर दस डिग्री के नीचे पहुंच गया। रात के दो बजे तापमान नौ डिग्री तक पहुंच गया। घने कोहरे के बीच दिन के करीब दस बजे धूप निकली और लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली।
शनिवार को दिन में धूप निकलने के कारण दिन में ठंड का प्रकोप कम रहा। लेकिन शाम ढलने के साथ ही सर्द हवाएं चलने लगी। ऐसे में रात के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। रात बढ़ने के साथ ही ठंड बढ़ती गयी और आधी रात के बाद तापमान दस डिग्री से भी नीचे चला गया। सुबह छह बजे तक जिले का तापमान नौ डिग्री के आसपास बना रहा। दिन चढ़ने के साथ रविवार को तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। धूप निकलने के बाद लोगों को कनकनी से मुक्ति मिली। मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि इस सप्ताह लगातार जिले का तापमान कम रहेगा। रात का तापमान पूरे सप्ताह दस डिग्री के नीचे बना रहेगा। सप्ताह के अंत में यह छह से आठ डिग्री तक भी पहुंच सकता है। ऐसे में इस सप्ताह ठंड में और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
दिन के तापमान में भी होगी कमी
मौसम विभाग की मानें तो दिसम्बर माह के तीसरे सप्ताह दिन के तापमान में भी कमी होगी। औसतन दिन का तापमान यहां 24 से 25 डिग्री है। लेकिन बुधवार के बाद यह घटकर 21 से 22 डिग्री तक पहुंच जाएगा। ऐसे में ठंड का असर दिखेगा।