प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलहां के सभी शिक्षकों का आखिर कार तबादला कर दिया है। प्रधान शिक्षक तथा रसोइया के बीच मारपीट के कारण इस स्कूल में पिछले बीस दिन से पढ़ाई ठप है। शिक्षक भय के कारण स्कूल जाने से मना करते हुए अपना तबादला करने की मांग कर रहे थे। जिसे देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र नाथ की पहल पर प्रखंड सचिव नियोजन समिति ने इस स्कूल के सभी शिक्षकों को अन्य स्कूलों में तबादला कर दिया। जिससे अब सोमवार से इस स्कूल में पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद बंध गयी है। बताया जाता है कि बलहां विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने रसोइया को काम से हटा दिया था। जिससे आक्रोशित रसाइया विद्यालय में आकर प्रधान शिक्षक से उलझ गया। इस घटना को लेकर दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराया। इस घटना के बाद भयभीत सभी शिक्षकों ने स्कूल आना बंद कर दिया। जिससे बीते 23 नवंबर को यह स्कूल बंद हो गया। बताया जाता है कि इस बीच शिक्षक अपना तबादला करने की मांग करते हुए स्कूल आने की जगह सीआरसी में अपनी हाजिरी बनाने लगे। पिछले बीस दिन से स्कूल बंद रहने को देखते हुए आखिर कार शिक्षकों की मांग को मानते हुए बीइओ रविंद्र नाथ की पहल पर प्रखंड सचिव नियोजन समिति ने शुक्रवार को इस विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों का स्थानान्तरण कर दिया। जिसके अनुसार शिक्षक कुलदीप गोस्वामी को मध्य विद्यालय नरवार, रंजीत कुमार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैकुंठपुर, जयप्रकाश नारायण श्रीवास्तव को उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर, धनंजय कुमार मिश्रा को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसंत छपरा, कुमोद कुमारी को मध्य विद्यालय कृतपुरा, पूजा राय को उत्क्रमित मध्य विद्यालय रेवतिथ उर्दू एवं नीतू कुमारी को उत्क्रमित मध्य विद्यालय हमीदपुर भेजा गया। दूसरी तरफ उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैकुंठपुर के शिक्षक कामेश्वर राय, शिवनाथ राम व मध्य विद्यालय गम्हारी के मंगल देव बैठा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगवानपुर के एसरार अहमद, मध्य विद्यालय कृतपुरा के जितेंद्र कुमार शर्मा व बर्जेश कुमार मिश्रा को बलहां स्कूल में तबादला कर उन्हें चौबीस घंटे के अंदर योगदान करने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में बीइओ ने बताया कि सभी शिक्षकों को स्थानान्तरण पत्र निर्गत कर दिया गया है। बलहां स्कूल में सोमवार से पठन पाठन शुरु हो जाएगा।