नीलगाय पर फायरिंग, महिला को लगी गोली

विशंभरपुर थाना क्षेत्र के तिवारी मटिहनियां गांव के समीप चौर में मंगलवार को एक नीलगाय को मारने के लिए कुछ लोगों ने फायरिंग कर दिया। लेकिन नीलगाय की जगह खेत में काम कर रही एक महिला को गोली लग गयी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। महिला को गोली लगने की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने इस घटना को लेकर महिला का बयान दर्ज किया। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि तिवारी मटिहनिया गांव निवासी माधो यादव की पत्‍‌नी प्रभावती देवी मंगलवार को अपने गांव के समीप चौर में खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग खेत में छुप कर नीलगाय को मारने के लिए फायरिंग करने लगे। लेकिन नीलगाय की जगह खेत में काम कर रही प्रभावती देवी के सिर में गोली लग गयी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। लेकिन उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में घायल महिला के परिजनों ने बताया कि गांव के कुछ लोग नीलगाय को गोली मारते रहते हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार स्थानीय पुलिस से किया। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। पुलिस घायल महिला का बयान दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Ads:






Ads Enquiry