विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के दियर विजयपुर स्थित अपने खेत में काम करने गयी महिला को गोली मारे जाने की घटना में छह लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कांड अंकित कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद बनाए गए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बुधवार की शाम जेल भेज दिया। अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के तिवारी मटिहनिया गांव की प्रभावती देवी ने घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वह अपने पुत्र भोला यादव के साथ खेत में काम करने गयी थी। इसी बीच उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना को लेकर घायल महिला के बयान पर थाने में दर्ज प्राथमिकी में खेम मटिहनिया गांव के अहमद मियां तथा उनके भाई सद्दाम मियां के अलावा मुर्तुजा मियां, फारूक मियां, नजीर मियां तथा जरलक मियां को नामजद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में नामजद अजहर मियां तथा उनके भाई सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ज्ञातव्य है कि नीलगाय को मारने के दौरान चली गोली से प्रभावती देवी नामक महिला मंगलवार को गंभीर रूप से घायल हो गयी थी।