छठ पूर्व को लेकर बाहर रहने वाले लोगों का अपने गांव और घर आने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी के साथ ही पैसा निकालने के लिए एटीएम केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से लेकर देर शाम पर एटीएम केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। जिससे पैसा निकलना काफी मुश्किल हो गया है।
दिल्ली से छठ पर्व मनाने अपने गांव जादोपुर आए राजेश भगत बताते हैं कि पैसा निकालने के लिए दो दिन से एटीएम केंद्रों पर आ रहे हैं। लेकिन लंबी कतारें देखकर पैसा निकालने की हिम्मत डोल जा रही है। वे कहते हैं कि पैसा खत्म हो गया है, इसलिए आज एटीएम केंद्र पर लगी लंबी लाइन में खड़े हो गए हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति का सामना नोएडा में काम करने वाले विरेन्द्र सिंह की भी है। वे कहते हैं कि सुबह ही एटीएम केंद्र पर लाइन में लग गए थे। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद उनका नंबर आया। इसी प्रकार रामप्रवेश का कहना था कि शुक्र है कि घंटे भर बाद नंबर आ गया। एटीएम पर भीड़ से बाहर से आए परदेशियों के साथ ही व्यवसायियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौनिया चौक के व्यवसायी राजेश कुमार कहते हैं कि एटीएम केंद्रों पर भीड़ के साथ ही बैंकों में भी काफी भीड़ लग रही है। जिससे पैसे की निकासी के साथ ही बैंक संबंधित अन्य काम कराने में भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं बैंक कर्मियों का कहना है कि छठ पर्व को लेकर बाहर काम करने वाले हजारों लोग अपने घर आए हैं। इनके कारण ही एटीएम पर काफी भीड़ बढ़ गयी है। वे कहते हैं कि छठ पूजा के बाद ही एटीएम पर भीड़ कम होने की उम्मीद है। तब तक तो लोगों को परेशानी झेलनी ही पड़ेगी।