चोरी करते पकड़े जाने पर फरसा से किया हमला

भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में बुधवार की रात अपने घर में घुसकर चोरी कर रहे लोगों को पकड़ने पर उन्होंने फरसा से हमला कर दिया। जिससे एक विकलांग सहित परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि कल्याणपुर गांव निवासी विकलांग छविला मंडल के परिवार के सदस्य बुधवार की रात खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी रात के करीब नौ बजे उनके ही गांव के कुछ लोग उनके घर में घुस गए और बक्सा का ताला तोड़ कर उसमें से जेवर निकालने लगे। लेकिन इसी बीच खटपट की आवाज सुन विकलांग छविला मंडल तथा उनकी मां देवंती देवी वहां पहुंच गए और चोरी करने का विरोध करने लगे। बताया जाता है कि इस दौरान घर में घुसे लोगों ने फरसा से उन पर हमला कर दिया। जिससे मां व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच वहां पहुंचे विकलांग के भाई रंगलाल मंडल पर भी फरसा से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद हमलावर भाग निकले। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Ads:






Ads Enquiry