महिलाओं में दिखा वोट डालने का जज्बा

जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में चौथे चरण के मतदान को लेकर रविवार को आधी आबादी ने बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डालने में गजब का जज्बा दिखाया। इसी जज्बे का असर था कि तड़के साढ़े छह बजे से ही बूथों पर इनके पहुंचने का दौर शुरू हुआ। दिन चढ़ने के बाद जब कई बूथों पर पुरुष मतदाताओं की संख्या नगण्य थी, तब भी महिलाएं वोट डालने के अपने अधिकार के प्रति पूरी तरह से सतर्क दिखीं। यही कारण रहा कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर तक भारी मतदान हो चुका था। मतदान के प्रति नयी महिला मतदाताओं में भी खासा उत्साह दिखा। वृद्ध से लेकर नई नवेली दुल्हन तक वोट देने के लिए बूथों पर शान से पहुंची और अपने अधिकार का प्रयोग किया।

रविवार को जिले के सभी 1727 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग की प्रक्रिया शांति से शुरू हुई। सुबह के सात बजे ही बूथों पर महिला वोटरों की संख्या अधिक दिखी। वोट डालने पहुंची महिलाओं को सिर्फ एक ही बात से मतलब दिखा कि उन्हें वोट देना है। ज्यों-ज्यों मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ी बूथों पर इनकी संख्या में भी इजाफा हुआ। दिन चढ़ने के बाद जब भी महिलाएं वोट डालने के प्रति पूरी तरह से सचेत रहीं। कहीं घूंघट की आड़ में तो कहीं वृद्ध महिलाएं छड़ी के सहारे बूथों पर डटीं रहीं। इस चुनाव में खास तौर पर युवा महिला मतदाताओं में भी काफी उत्साह रहा। वोट डालने का जज्बा इनमें इतना अधिक था कि खुद अपने साथ परिवार के अन्य महिलाओं को लेकर ये बूथों पर पहुंची।

घूंघट का ओट बना सहारा

मतदान के दिन बूथों पर महिला वोटरों की धमक के बीच घूंघट की ओट लिए भी महिलाएं पहुंची। ग्रामीण इलाकों में महिलाएं झुंड में बूथों पर पहुंची। नई नवेली दुल्हनों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी भी तरह की कोताही नहीं दिखायी।

पहली बार वोट डालने की खुशी

पहली बार वोट डालने बूथों पर पहुंची 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों में खासी खुशी देखी गयी। गोपालगंज विस क्षेत्र के बूथ संख्या 116 पर पहली बार वोट डालने पहुंची प्रियांशी ने बताया कि उसे वोट डालने में काफी खुशी हुई। इसी प्रकार बूथ संख्या 18 पर वोट डालने वाली राबेया वोट डालने के बाद अपना निशान दिखाते हुए बोली कि आज मैं खुश हूं कि लोकतंत्र के महापर्व में उसे पहली बार वोट डालने का मौका मिला।

Ads:






Ads Enquiry