आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाएं निर्णायक साबित हो सकती हैं। विस चुनाव में पहली बार आठ लाख से अधिक महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग छह विधायक को चुनने के लिए करेंगी। सबसे अधिक डेढ़ लाख से अधिक महिलाएं भोरे सुरक्षित विस क्षेत्र में मताधिकार का प्रयोग करेंगी। जबकि सबसे कम महिला मतदाता बरौली विस क्षेत्र में होंगी। जिला निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में महिला वोटरों की संख्या पहली बार आठ लाख के पार पहुंची है। इनमें सबसे अधिक महिला मतदाता भोरे विस क्षेत्र में हैं। ये महिलाएं सभी छह विस क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जिले के कुल मतदाताओं में महिला मतदाता करीब 48 प्रतिशत हैं। ऐसे में इनका वोट निर्णायक साबित होगा, इस बात से किसी को भी इनकार नहीं है।
एक हजार पुरुष पर 921 महिला
आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो जिले के छह विस क्षेत्रों में प्रति एक हजार पुरुष पर महिला मतदाताओं की संख्या 921 है। विस क्षेत्र वार देखे तो भोरे सुरक्षित विस क्षेत्र में एक हजार पुरुष पर 947 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार बैकुंठपुर में यह अनुपात 904, बरौली में 886, गोपालगंज में 953, कुचायकोट में 924 तथा हथुआ में 921 है।
विधानसभा वार महिला मतदाता
विस क्षेत्र महिला मतदाता
बैकुंठपुर 133561
बरौली 121214
गोपालगंज 145470
कुचायकोट 143226
भोरे 152231
हथुआ 132833
कुल 828535