शुक्रवार को जिले के कटेया तथा हथुआ प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय के काउंटर पर निवास सहित अन्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों की इस भीड़ में महिलाओं की संख्या अधिक रही। इस बीच काउंटर पर भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था बनी रही। जिससे लाइन में खड़ी कई महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ी। इन महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि महिलाओं के बेहोश होने की जानकारी होने के बाद काउंटर पर भीड़ को संभालने के लिए चौकीदारों को तैनात कर दिया गया।
बताया जाता है कि राशन कार्ड बनाने सहित विभिन्न कार्यों के लिए लाभुकों से निवास प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। शुक्रवार को निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए हथुआ तथा कटेया प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय के काउंटर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक भीड़ कटेया प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय के काउंटर पर थी। काफी संख्या में महिलाएं लाइन में लगी थीं। इस दौरान जल्दी काउंटर तक पहुंचाने के लिए लोगों के बीच धक्का मुक्की भी होने लगी। जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया। इस अफरा तफरी में निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लाइन में खड़ी पडरिया गांव निवासी प्रमिला देवी बेहोश होकर गिर गई। इनके कुछ देर बाद दो और महिलाएं धक्कामुक्की के बीच गिर कर बेहोश हो गई। इन महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अंचल पदाधिकारी अफजल हुसैन ने बताया कि काउंटर पर चौकीदार को लगाया गया था। भीड़ अधिक थी इसलिए अव्यवस्था हुई है। वहीं हथुआ प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीए कार्यालय के काउंटर पर भी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। सुबह सात बजे से ही महिलाएं कतार में आकर लग गई। भीड़ के कारण अफरा तफरी का माहौल बना रहा।