Wed, 04 May 2016
पंचायत चुनाव के दौरान थाना क्षेत्र के चैनपुर पंचायत में दो गुटों में चल रहा तनाव मतदान के बाद सोमवार की देर शाम खूनी जंग में बदल गया। मतदान के बाद इस पंचायत के कोड़रा हाता गांव में दो पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और उनके बीच गोलीबारी शुरू हो गयी। इस गोलीबारी में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। युवक को इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कई थाना की पुलिस पहुंच गयी। तनाव को देखते हुए मंगलवार को भी पुलिस गांव में कैंप करती रही।
बताया जाता है कि चैनपुर पंचायत में अपने जमाने के कुख्यात रहे व्यास चौधरी तथा भाजपा नेता कृष्णा शाही के परिवार की महिला सदस्य मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। बताया जाता है कि मतदान के पूर्व संध्या पर एक पक्ष के लोग कोड़रा हाता में प्रचार प्रसार कर रहे थे। तभी दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और उनके बीच झड़प हो गयी। जिससे पूरे पंचायत में तनाव व्याप्त हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही हथुआ एसडीपीओ इम्तेयाज अहमद सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जाता है कि दोनों पक्ष में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भाजपा नेता को मिले सरकारी अंगरक्षक को वापस ले लिया। तनाव को देखते हुए सोमवार को इस पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान प्रशासन ने विशेष चौकसी बरती। जिससे मतदान तो शांति पूर्ण गुजर गया। लेकिन मतदान के बाद सोमवार की देर शाम कोड़रा हाता गांव में दोनों पक्ष में गोलीबारी होने लगी। जिससे गोली लगने से थाना क्षेत्र के घोड़ा हाता गांव निवासी बैरिष्टर चौधरी का पुत्र दिनेश यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। इस घटना से उत्पन्न तनाव को देखते हुए मीरगंज, फुलवरिया, उचकागांव तथा हथुआ थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
25 महिलाओं सहित 35 पर प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
कोड़रा हाता गोलीबारी कांड को लेकर थाना में दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें 25 महिला सहित 35 लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता कृष्णा शाही के भाई उमेश शाही को गिरफ्तार कर लिया है। गोलीबारी मामले में पहली प्राथमिकी पंचायत चुनाव में मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किए गए प्रखंड कृषि पदाधिकारी रत्नेश कुमार सिंह ने दर्ज कराते हुए दिनेश शाही, उनकी पत्नी, उनके भाई की पत्नी तथा 25 महिलाओं सहित तीस लोगों को आरोपी बनाया है। वहीं गोलीबारी में गोली लगने से जख्मी दिनेश यादव के बयान पर कृष्णा शाही, उमेश शाही, टुनटुन शाही सहित दस लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने उमेश शाही को गिरफ्तार कर लिया।