मैट्रिक की परीक्षा के चौथे दिन मंगलवार को केन्द्रों पर शांति बनी रही। परीक्षा के दौरान अधिकारियों के वाहन केन्द्रों पर दौड़ते रहे। परीक्षा के चौथे दिन कदाचार के आरोप में कुल 11 परीक्षार्थियों को केन्द्र से निष्कासित किया गया। इस दौरान निष्कासित छात्र-छात्राओं से जुर्माना राशि की भी वसूली की गयी।
मंगलवार को सुबह परीक्षा शुरू होने के साथ ही हरेक केन्द्र की कड़ी चौकसी शुरू कर दी गयी। सुबह दस बजे से ही अधिकारियों की गाड़ियां परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने लगी। एसडीओ सदर मृत्युंजय कुमार तथा एसडीओ हथुआ प्रमोद कुमार राम के अलावा कई पदाधिकारी परीक्षा केन्द्रों पर कई बार पहुंचे। इस दौरान परीक्षा हाल में दर्जनों छात्रों की तलाशी ली गयी और कदाचार में संलिप्त पाए जाने पर छात्रों को निष्कासित किया गया। परीक्षा के दौरान अधिकारियों के अलावा सुरक्षा बलों की भी चौकसी दिखी। ऐसे में कहीं से भी अभिभावकों के पकड़े जाने की सूचना नहीं है।
वसूला गया जुर्माना
मैट्रिक की परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में पकड़े गये सभी सात परीक्षार्थियों को पुलिस संरक्षण में थाना लाया गया। बाद में इन छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से दो-दो हजार रुपये जुर्माना राशि की वसूली की गयी। जुर्माना की राशि जमा कराये जाने के बाद पकड़े गये छात्रों को मुक्त कर दिया गया। कदाचार के आरोप में पकड़े गये छात्र अब आगे की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।
कड़ी रही चौकसी
परीक्षा के चौथे दिन सभी 18 परीक्षा केन्द्रों पर चौथे दिन भी चाक-चौबंद व्यवस्था दिखी। इस दौरान केन्द्र पर तैनात जवान चौकस दिखे। यहीं कारण रहा कि केन्द्रों के आसपास पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस बल के चौकन्ना रहने के कारण हरेक केन्द्र पर शांति का माहौल कायम रहा। दोनों अनुमंडल के एसडीओ खुद परीक्षा केन्द्रों पर सतर्क दिखे।