सिधवलिया प्रखंड कार्यालय तथा बरौली प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर विशुनपुरा कोठी पुल से शाहपुर उच्च विद्यालय तक गिरायी गयी गिट्टी अब राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गयी है। गिट्टी पसरा होने से इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आए दिन गिट्टी पर से पहिया फिसल जाने से वाहन पलटते रहते हैं। जिससे आसपास के ग्रामीणों में रोष व्याप्त होने लगा है। ग्रामीणों ने बताया कि विशुनपुरा कोठी पुल से शाहपुर उच्च विद्यालय तक सड़क का निर्माण करने के लिए एक माह पूर्व संवेदक ने सड़क पर जगह जगह गिट्टी गिरा दिया। लेकिन गिट्टी गिराने के बाद उसे सड़क पर फैला भी दिया गया। इसके बाद न तो गिट्टी के ऊपर मिट्टी डाली गयी और ना ही रोलर चलाया गया और कम को बंद कर दिया गया। जिससे अब इस सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण बताते हैं कि गिट्टी बिछा देने से इस सड़क पर पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है। गिट्टी पर फिसल कर आये दिन वाहन पलटते रहते हैं। उन्होने बताया कि सड़क पर गिट्टी बिछाकर छोड़ देने से सबसे अधिक परेशानी विद्यालय आने वाले छात्र झेल रहे हैं। शाहपुर उच्च विद्यालय तक गिट्टी फैली हुई है। जिससे साइकिल से स्कूल आने वाले छात्र छात्राएं गिर कर घायल होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है।