पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर अवैध शराब के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने 103 बोतल अवैध देसी शराब की बोतलों को बरामद किया। पकड़े गये तीनों धंधेबाजों को पुलिस ने रविवार को शाम जेल भेज दिया।
मांझा थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के जाफर टोला पुल के समीप शनिवार की रात्रि पुलिस ने एक गुमटी में छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने अवैध रुप से बेचे जा रहे 60 बोतल अवैध शराब के साथ धंधे में संलिप्त कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये शराब के धंधेबाज की पहचान इसी गांव के अरग साह के रूप में की गयी है। उधर कुचायकोट थाने की पुलिस ने मनियारा फार्म चौक के समीप गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर चार सौ एमएल के 14 शराब की बोतलों के साथ इसी थाना क्षेत्र के बखरी गांव के धर्मेन्द्र राम उर्फ बेंगा राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विश्वंभरपुर थाने की पुलिस ने बलिवन रायमल मुसहर टोला गांव में छापा मारकर सुदर्शन मुसहर को 400 एमएल के 29 अवैध शराब की बोतलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इन घटनाओं को लेकर थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।