उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपराही स्थित दाहा नदी किनारे बन रहे शमशान घाट के समीप कुछ लोगों ने एक युवक को लाठी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला निवासी रामनाथ प्रसाद उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपराही स्थित दाहा नदी किनारे ग्रामीणों के सहयोग से बन रहे शमशान घाट को देखने गया था। इसी दौरान युवक का वहां मौजूद कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे आक्रोशित युवकों ने लाठी डंडा से मारपीट कर रामनाथ प्रसाद को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर घायल का बयान पर पिपराही गांव के फैसल मियां सहित तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।