मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखौली मोहल्ले में राजीव रंजन ओझा के घर से चोरों ने तीन लाख रुपये नकदी सहित करीब आठ लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। घटना को लेकर थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि हरखौली मोहल्ले के राजीव रंजन ओझा के ससुराल में शादी थी। राजीव रंजन ओझा तथा उनके परिवार के सभी लोग मीरगंज थाना क्षेत्र के नरइनियां गांव गये हुए थे। इसी बीच रात्रि समय चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे गये तीन लाख रुपये नकदी के अलावा करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात व कीमती कपड़ों की चोरी कर ली। रविवार की सुबह जब उनके परिवार के लोग घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है। समाचार प्रेषण तक पुलिस इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी में सफल नहीं रही है।