मीरगंज थाना क्षेत्र के संवरेजी गांव स्थित अपने घर में सो रही छात्रा पर तेजाब फेंके जाने की घटना के आरोपी की धर पकड़ के लिए पुलिस घंटों छापामारी अभियान में लगी रही। लगातार चले अभियान के बाद भी आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
रविवार को तेजाब से झुलसी छात्रा शाहिना परवीन के बयान पर कांड अंकित करने के बाद पुलिस कांड में नामजद एकमात्र आरोपी गुड्डू की गिरफ्तारी के लिए छापामारी में लगी रही। मीरगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी युवक को दबोचने के लिए रविवार की रात्रि उसके घर पर छापामारी की। लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के पूर्व ही आरोपी युवक भाग निकलने में सफल हो गया। पुलिस ने आरोपी की टोह में उसके सगे-संबंधी के घरों को भी टटोलने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी युवक का कोई भी सुराग नहीं मिल सका। उधर एसडीपीओ हथुआ ने भी कांड की समीक्षा की तथा मीरगंज थाने की पुलिस को दिशानिर्देश जारी किया। सोमवार को भी पूरे दिन पुलिस आरोपी युवक की धर पकड़ की जुगत में लगी रही।
कोर्ट में समर्पण की रही अफवाह
तेजाब कांड में नामजद संवरेजी गांव के गुड्डू नामक युवक की गिरफ्तारी के लिए जब पुलिस प्रयास में जुटी थी, तभी गुड्डू के कोर्ट में समर्पण करने की अफवाह उड़ी। इस अफवाह के बाद सोमवार को दोपहर बाद छापामारी का अभियान सुस्त पड़ गया। पुलिस ने जब कोर्ट में उसके समर्पण के बारे में जानकारी प्राप्त की तो यह बात कोरा अफवाह साबित हुआ।
क्या है मामला
मीरगंज थाना के संवरेजी गांव में अपनी मां के साथ सो रही शाहिना परवीन पर इसी गांव के गुड्डू कुमार ने शनिवार की रात्रि तेजाब फेंक दिया था। इस घटना में छात्रा शाहिना बुरी तरह से झुलस गयी। इस घटना में छात्रा की मां खैरून नेशा भी जख्मी हो गयी। बताया जाता है कि आरोपी युवक ने घटना के एक दिन पूर्व छात्रा को साथ में कालेज ले जाने की बात कही थी। लेकिन छात्रा ने उसके साथ कालेज जाने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर शनिवार की रात्रि छात्रा पर तेजाब फेंककर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।