भाग रहा युवक धराया, चोरी की निकली बाइक

थाना क्षेत्र के बेदु टोला गांव के समीप बुधवार की देर शाम एक साइकिल सवार को ठोकर मारने के बाद बाइक छोड़ कर भाग रहे एक युवक को गश्ती पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक के पुलिस ने जाली ड्राइविंग लाइसेंस, चोरी की मोबाइल तथा दो मास्टर की बरामद किया है। युवक की बाइक भी चोरी की निकली। यह बाइक पटना से चुराई गयी थी। हालांकि इस युवक का एक साथी भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस उसको गिरफ्तार करने के लिए छापामारी अभियान चला रही है।

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के विदेशी टोला निवासी लक्ष्मण तिवारी साइकिल से थावे बाजार जा रहे थे। तभी बेदु टोला गांव के समीप एक बाइक पर सवार दो युवकों ने साइकिल सवार को ठोकर मार दिया। जिससे साइकिल सवार सहित बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद ग्रामीणों को आता देख दोनों युवक बाइक छोड़ कर भाग निकले। इसी बीच सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची गश्ती पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक पिंटू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कटिहार जिला के कोढ़ा थाना के नया टोला जुराबगंज का निवासी है। पुलिस ने जब इसकी तलाशी लिया तो इसके पास से औरंगाबाद जिले के वीर कुमार के नाम से ड्राइविंग लाइसेंस, चोरी की एक मोबाइल, दो मास्टर की बरामद हुआ। बाइक भी चोरी की निकली। यह बाइक पटना से चुराई गयी थी। पकड़े गए युवक ने बताया कि उसके गैंग के पांच साथी जादोपुर थाना क्षेत्र के राजवाही में किराये का मकान लेकर रह रहे थे। भाग निकला युवक विजय कुमार यादव बताया जाता है। पुलिस उसे तथा उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी अभियान चला रही है।

Ads:






Ads Enquiry