कटेया नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 266 शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को इस अभियान को मूर्त रूप देने के लिए नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शिविर लगाया गया। जिसमें शौचालय निर्माण के लिए 170 लाभुकों के आवेदन को स्वीकृति दी गयी। इस संबंध में नगर के कार्यपालक पदाधिकारी हीरा कुमारी ने बताया कि कटेया नगर पंचायत को स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस वित्तीय वर्ष में 266 शौचालय निर्माण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत मंगलवार को शिविर आयोजित कर नगर के विभिन्न वार्डो के 170 लाभुकों को शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति दी गयी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक लाभुक को शौचालय निर्माण े लिए बारह हजार रुपये की राशि दी जाएगी। जिसमें प्रथम किस्त साढ़े सात हजार तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने पर साढ़े चार हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष अवधेश प्रसाद सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।