मतदाता सूची फोटोयुक्त करने का कार्य प्रारंभ

सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं की मतदाता सूची अब फोटोयुक्त बनाने का कार्य सोमवार से प्रारंभ हो गया। प्रारूप प्रकाशन के साथ ही इस अभियान की विधिवत शुरुआत कर दी गयी। इस अभियान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी बीडीओ को दिशानिर्देश जारी कर दिये गये हैं। इस चरण में सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता का इपिक नंबर प्राप्त किया जाएगा। उसी इपिक के अनुसार मतदाताओं की तस्वीर मतदाता सूची में अंकित की जाएगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल पांच जिले हैं। इनमें छपरा, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण तथा पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में गोपालगंज जिले में करीब आठ हजार मतदाता हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय चुनाव आयोग के निर्देशों के अलोक में जिले के मतदाताओं की मतदाता सूची को फोटो युक्त बनाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। अभियान को पूर्ण करने के लिए सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह आयुक्त सारण की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन भी किया गया है। सोमवार को निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया। इसके बाद यह प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश जारी किये गये हैं। इस अभियान के लिए जिले के सभी चौदह प्रखंड के बीडीओ को मतदाता सूची में दर्ज सभी निर्वाचकों का इपिक नंबर प्राप्त करने का निर्देश जारी किया गया है। यह कार्य आठ फरवरी तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।

आठ फरवरी तक जोड़े जाएंगे नए नाम

सारण निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नए नाम को जोड़ने की प्रक्रिया आठ फरवरी तक चलेगी। सूत्रों ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के साथ ही नए मतदाता अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन दे सकते हैं। इसके लिए आवेदक को तीन वर्ष पूर्व तक किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।

मात्र 1021 महिला मतदाता

सूत्रों की मानें तो सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के कुल आठ हजार मतदाताओं में मात्र 1021 महिला मतदाता हैं। अलावा इसके सात हजार पुरुष मतदाता हैं। सभी मतदाताओं के नाम के आगे उनकी तस्वीर अंकित करने के निर्देश दिये गये हैं।

मतदाताओं के प्रखंड वार आंकड़े

प्रखंड पुरुष महिला

गोपालगंज 1706 296

मांझा 336 32

बरौली 605 67

कुचायकोट 1088 157

बैकुंठपुर 422 74

थावे 261 33

सिधवलिया 371 42

हथुआ 768 92

भोरे 532 53

कटेया 237 24

विजयीपुर 263 28

उंचकागांव 421 61

फुलवरिया 445 41

पंचदेवरी 178 21

कुल 7633 1021

Ads:






Ads Enquiry