चंवर में मिले युवक के शव की हुई शिनाख्त

थाना क्षेत्र के नवादा चंवर में रविवार को बरामद युवक के शव की पहचान कर ली गई है। युवक की हत्या करने के बाद शव को चंवर में फेंक दिया गया था। युवक दो दिन पूर्व से ही घर से गायब हो गया था। परिजन अभी उसकी खोजबीन में लगे ही थे कि उसका शव चंवर से बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नवादा चंवर से बरामद युवक के शव की पहचान इसी थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के निवासी माधव यादव के रूप में की गयी है। बताया जाता है खजुरिया गांव निवासी नन्हक यादव का पुत्र माधव यादव शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद अपने बथान में सोने के लिये चला गया। शनिवार की सुबह परिवार के सदस्य बथान पर पहुंचे तो वह गायब मिला। परिजन अभी उसकी तलाश में लगे ही थे कि रविवार की सुबह नवादा गांव के बाहर चंवर में उसका शव बरामद किया गया। उसकी धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया गया था। मृत युवक की शिनाख्त होने के साथ ही पुलिस घटना को अंजाम देने वालों के बारे में जानकारी प्राप्त करने में जुट गयी है। पुलिस ने सोमवार को मृत युवक के परिवार के लोगों ने इस संबंध में पूछताछ की। बरौली थाने की पुलिस ने सोमवार को बताया कि हत्याकांड की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना के तह तक पहुंचने में पुलिस सफल होगी।

Ads:






Ads Enquiry