जादोपुर थाना क्षेत्र के खरगौली गांव में फसल चराने से मना करने पर कुछ लोगों ने एक युवक को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि खरगौली गांव निवासी उमेश यादव के खेत में लगी गेहूं की फसल को गांव के कुछ लोग जबरन अपने मवेशी से चरा रहे थे। जिसका विरोध करने पहुंचे उमेश यादव को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले को लेकर घायल के बयान पर गोपाल यादव सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।