दहेज के लिए बहू को घर से निकाला, प्राथमिकी

दहेज में बाइक तथा सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर रीता देवी को उसके ससुर तथा सास सहित अन्य ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घर से बेघर होने के बाद पीड़ित महिला ने महिला थाने में अपने ससुर सहित पांच ससुराल वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया है।

दर्ज प्राथमिकी में फुलवरिया थाना क्षेत्र के पकौली बदो गांव की रीता देवी ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी छह साल पूर्व अरुण कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल के लोगों ने दहेज में बाइक व सोने की चेन के लिए प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। इसी बीच उसके पति विदेश चले गये। पति के विदेश जाने के बाद रीता को उसके सास, ससुर के अलावा देवर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। प्रताड़ना के क्रम में ससुराल के लोगों ने घर के शौचालय तक में ताला लगा दिया। इसके बाद ससुराल के लोगों ने रीता को उसकी बेटियों के साथ घर से निकालने के बाद उसके कमरे में ताला लगा दिया। घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में रीता ने अपने ससुर दीनानाथ साह के अलावा अशोक साह एवं विश्वजीत साह सहित पांच लोगों को नामजद किया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Ads:






Ads Enquiry