जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर मौजे टोला गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार की रात्रि हथियार लेकर पहुंचे कुछ लोगों ने जमकर फायरिंग की। फायरिंग के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। फायरिंग व लूटपाट के बाद सभी लोग फरार हो गये।
जानकारी के अनुसार जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर मौजे टोला गांव के रामेश्वर साह तथा उनके परिवार के लोग अपने घर पर मौजूद थे। इसी बीच विद्या चौहान के नेतृत्व में करीब एक दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर रामेश्वर साह के दरवाजे पर पहुंच गये तथा उन्हें व परिवार के लोगों को गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर पहुंचे लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली चलता देख रामेश्वर साह तथा उनके परिवार के लोग घर के अंदर छिप गये। कई राउंड गोली चलाने के बाद हमलावर उनके घर में प्रवेश कर गये तथा कमरे में रखे गये नकदी के अलावा करीब एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लूट ली और आसानी से भाग निकले। घटना के पीछे पूर्व से चल रहा भूमि विवाद कारण बताया जाता है। इस संबंध में रामेश्वर साह के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें विद्या चौहान के अलावा विनोद चौहान, रामा चौहान सहित एक दर्जन लोगों के नामजद किया गया है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। घटना के बाद गांव में दहशत की स्थिति बनी हुई है।