ठंडे बस्ते में पड़े थावे को रेल मंडल बनाने का मामला फिर से गरमाने लगा है। सांसद जनक राम ने इस मामले को संसद में उठाते हुए ठप पड़े थावे रेल मंडल बनाने की योजना को फिर से शुरू करने की मांग की है। शुक्रवार को सांसद जनक राम ने बताया कि संसद में उन्होंने थावे रेल मंडल बनाने की मांग उठायी है। उन्होंने संसद में कहा कि थावे जंक्शन संसदीय क्षेत्र गोपालगंज के अंतर्गत आता है। यहां पर पूर्व की सरकार ने थावे रेल मंडल बनाने की घोषणा की थी। शिलान्यास भी हुआ, जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया गया। लेकिन उसके बाद आगे की कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि थावे जंक्शन सिवान, छपरा, मोतिहारी, बेतिया के मध्य भाग में है। ऐतिहासिक तथा भौगोलिक रूप से भी थावे महत्वपूर्ण है। यहां स्थित ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना करने दूर दूर से लोग आते हैं। गोपालगंज के लोग बहुत बड़ी संख्या में देश व विदेश के भिन्न भिन्न हिस्सों में रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा के लिए जाते हैं। जिससे रेलवे विभाग को यहां से बहुत अधिक राजस्व मिलता है। उन्होंने संसद के माध्यम से प्रधानमंत्री तथा रेल मंत्री से थावे जंक्शन रेलवे स्टेशन को मंडल बनाने के लिए यहां शीघ्र ही संबंधित जोन के अधिकारियों को भेज कर निर्माण कार्य की रुपरेखा बनाने की मांग किया।