मीरगंज थाना क्षेत्र जिगना गोपाल गांव के खरनहीं टोला में मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने एक युवक को चाकू घोंप दिया। जिससे गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन युवक की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को कारण भूमि विवाद बताया जाता है। घायल युवक का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि जिगना गोपाल गांव के खरनहीं टोला निवासी शिवजी चौरसिया के पुत्र विपिन कुमार चौरसिया का अपने पड़ोसी के साथ जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह कुछ लोग विपिन कुमार के घर पर पहुंच कर गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर चाकू से हमला कर विपिन कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना को लेकर घायल के बयान पर उनके ही गांव के राजेश यादव, संजीत यादव, रामबाबू यादव तथा अनिल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।