बलवां विद्यालय में चार दिन से पठन पाठन ठप

प्रखंड के उत्क्रमित विद्यालय बलवां के हेडमास्टर तथा रसोइया के बीच मारपीट के बाद इस विद्यालय में पिछले चार दिन से पठन पाठन ठप है। इस बीच इस विद्यालय के शिक्षक सीआरसी में जाकर वहां अपनी हाजिरी बना रहे हैं। इस बीच पढ़ाई ठप होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।

बताया जाता है कि बलवां विद्यालय के हेडमास्टर मदेश्वर सिंह ने रसोइया गणेश राय को काम पर से हटा दिया था। पांच दिन पूर्व रसोइया गणेश राय विद्यालय पहुंचे तथा उनमें और हेडमास्टर के बीच मारपीट हो गयी। इस घटना को लेकर हेडमास्टर तथा रसोइया ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी। बताया जाता है कि इस घटना के बाद पिछले चार दिन से यह विद्यालय बंद है। शिक्षकों का कहना है कि वे मारपीट के भय से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए उन्हें सीआरसी में हाजिरी बनाने का आदेश दिया गया है। इस संबंध में सीआरसीसी सुभाष कुमार का कहना है कि वरीय पदाधिकारियों के मौखिक आदेश के बाद सीआरसी में बलवां स्कूल के शिक्षकों की हाजिरी बनाई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। दूसरी तरफ स्कूल बंद रहने से ग्रामीणों में रोष बढ़ा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि शिक्षक मनमानी कर रहे हैं। इसकी कारण वे स्कूल नहीं आकर अपनी हाजिरी सीआरसी में बना कर घर चले जा रहे है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से स्कूल में पाठन पाठ शुरू करने की मांग की है।

Ads:






Ads Enquiry