लालू-नीतीश ने बिहार को पीछे किया: रामकृपाल यादव

केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा है कि लालू-नीतीश के 25 साल के शासन में बिहार पचास साल पीछे चला गया। यहां के बेरोजगार युवक दूसरे प्रदेशों में जाकर मजदूरी करने को विवश हैं। आपने इन्हें 25 साल दिया। अब एनडीए को पांच साल देकर देखिए कि बिहार को कैसे बिहार बनाया जाता है। श्री यादव बुधवार को प्रखंड के धर्मपरसा खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संकल्पित हैं। आरक्षण को मुद्दा बनाये जाने पर लालू नीतीश को आड़ हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते आरक्षण समाप्त करने की किसी को हिम्मत नहीं है। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा ने कहा कि बिहार में सब कुछ है। लेकिन लालू नीतीश के राज में बिहार में एक अच्छा कालेज और विश्वविद्यालय आज तक नहीं खुला। आज बिहार के बेरोजगार युवक मुंबई दिल्ली की सड़कों पर ठेला व टेंपू चलाकर अपना पेट पालते हैं। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में एनडीए की सरकार बन जाती है तो बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील किया कि बिहार के अमन शांति और विकास के लिए एक बार एनडीए को मौका दें।

Ads:






Ads Enquiry