प्रेमिका के पति की गर्दन को ब्लेड से काट कर घायल कर दिए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी निवासी चंदन यादव तथा विजयीपुर थाना के माडर घाट निवासी मनीष सिंह बताए जाते हैं। तीसरे आरोपित धर्मेंद्र यादव की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि शनिवार की शाम बाइक से चंदन कुमार, धर्मेंद्र यादव तथा मनीष मुशेहरी बजार निवासी रामवचन साह के पुत्र पिंटू साह के घर पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर चंदन कुमार पिंटू साह की पत्नी को अपनी प्रेमिका बताकर वे उसे अपने साथ जाने के लिए कहने लगा। जिसका पिंटू साह ने विरोध किया। विरोध करने पर चंदन कुमार ने पिंटू की गर्दन को ब्लेड से काट कर घायल कर दिया। हालांकि इसी बीच शोर सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चंदन कुमार को पकड़ कर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चंदन को गिरफ्तार कर लिया। चंदन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर मनीष सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है। घायल पिंटू साह का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।