Tue, 10 May 2016
इंटर विज्ञान के घोषित परीक्षा परिणामों में जिले के महेन्द्र दास कालेज नेचुआ जलालपुर का जलवा इस बार भी दिखा। इस कालेज के सबसे अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने में सफल रहे हैं। इस साल इंटर विज्ञान की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में गत वर्ष के मुकाबले बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। हालांकि शहरी इलाके में स्थित कालेजों में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण रहने वाले छात्रों की संख्या ग्रामीण इलाकों के मुकाबले कम रही है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी किए गए इंटर विज्ञान के परीक्षा परिणामों पर नजर डालें तो महेन्द्र दास इंटर कालेज की छात्र-छात्राओं ने सबसे अधिक सफलता इंटर विज्ञान की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। इसी प्रकार हथुआ स्थित गोपेश्वर कालेज के का परीक्षा परिणाम भी गत वर्ष की तरह ही बेहतर रहा है। ग्रामीण इलाके में स्थित बाबा भूतनाथ इंटर कालेज बालेपुर बथुआ का भी रिजल्ट गत वर्ष की तरह की बेहतर रहा है। ग्रामीण इलाके में स्थित नेशनल कालेज बरौली, पंडित दीनदयाल इंटर कालेज खजुरिया, धर्मदेव सिंह इंटर कालेज शेर, बीपीएस कालेज भोरे व चौमुखा स्थित इंटर कालेज का भी परिणाम इस साल बेहतर दिखा।
अरिजीत बोस को मिला 71 प्रतिशत अंक
इंटर विज्ञान में अरिजीत बोस ने 71 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। इसी प्रकार कुचायकोट प्रखंड के अनूप कुमार तिवारी ने 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। अनूप तिवारी ने बताया कि वह आइपीएस बनना चाहते हैं। इसी प्रकार रोहित कुमार ने 68, अनन्या अमन ने 66.4, परशुराम प्रसाद गुप्ता ने 66.20, शिखा कुमारी ने 66.80 तथा सुशील कुमार ने इंटर विज्ञान की परीक्षा में 68 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है।