Thu, 28 Apr 2016
जिलाधिकारी राहुल कुमार ने भोरे व बगहीं में जीविका के तहत गठित महिला संगठन व ग्राम समूह की बैठक में कहा कि शराब की बिक्री या उपयोग के बारे में सही सूचना देने वाली महिलाओं को इनाम दिया जाएगा। साथ ही इसकी सूचना देने वाली महिलाओं का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
बगहीं व भोरे में जीविका की ओर से आयोजित किये गये कार्यक्रमों के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में शामिल हुई दो सौ से अधिक महिलाओं से प्रदेश में पूर्ण रूप से शराब की बंदी लागू होने के बाद के अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की। भोरे प्रखंड के लछीचक गांव की शबनम देवी जोरावर छापर की पूनम देवी सहित कई महिलाओं ने शराब की बंदी किये जाने के बाद गांव के माहौल में बदलाव आने तथा शराब पीने वाले परिवार के लोगों में इसकी बंदी के बाद शांति आने के बारे में बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि शराब के बारे में किसी भी तरह की जानकारी टाल फ्री नंबर 18003456268 पर दी जा सकती है। अगर दी गयी जानकारी सही निकली को संबंधित महिला को इनाम दिया जाएगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जीविका के तहत गठित महिला समूहों से जुड़ने के बाद उससे होने वाले लाभ की भी जानकारी महिलाओं को दी।